
महराजगंज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में महिला सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली मातृशक्ति को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह रहे। नौतनवां के विधायक ऋषि त्रिपाठी सहित जिले के अन्य विधायकों को भी भाजपा जिला अध्यक्ष ने सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि नारी सशक्तीकरण भाजपा की प्राथमिकताओं में से एक है। महिलाओं को समाज में समान अवसर देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने मातृशक्ति के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणा स्रोत बताया।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। सरकार की ओर से महिलाओं के उत्थान के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और गौरव का माहौल बना रहा।