
जौनपुर। महिला दिवस पर राज भवन लखनऊ में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ वंदना सिंह एवं ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की संस्थापिका सचिव प्रबंधक डॉ अंजू सिंह को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सम्मानित किया।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज भवन लखनऊ में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट सहभागिता करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया गया। कुलपतियों की श्रेणी में जौनपुर से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉक्टर वंदना सिंह और समाज सेवा के क्षेत्र में डॉक्टर अंजू सिंह को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के बच्चे भी विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं में शामिल हुए। निर्णायक मंडली की ओर से दिए गए अंकों के आधार पर उन्हें पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में संक्षिप्त वृत चित्र के माध्यम से राज भवन की ओर से किए जा रहे विभिन्न कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने महिलाओं के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़-चढ़कर कार्य किए जाने की प्रशंसा की। और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए कई उदाहरण दिए।