
महराजगंज। नौतनवां ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत रतनपुर में रोहिन नदी पर 148 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे डिजिटल बैराज का विधायक ऋषि त्रिपाठी ने निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए अधिशासी अभियंता विनोद कुमार वर्मा और अधीक्षण अभियंता आलोक कुमार से बैराज की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बता दें कि रोहिन नदी से निकलने वाली मुख्य नहर लक्ष्मीपुर ब्लॉक को जोड़ती है, जिससे चार माइनर और एक रजवाहा निकाला गया है। इस 45.363 किमी लंबी इस नहर के माध्यम से हजारों किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। यह परियोजना क्षेत्र के किसानों की कृषि उत्पादन क्षमता में वृद्धि करेगी।
बैराज का कार्य अंतिम चरण में है। परियोजना पूरी होने पर जल प्रबंधन और सिंचाई प्रणाली को डिजिटल तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा, जिससे किसानों को समय पर जल आपूर्ति हो सकेगी। डिजिटल बैराज के अवलोकन के दौरान ब्लॉक प्रमुख नौतनवां राकेश मद्धेशिया, भाजपा नेता प्रदीप सिंह, प्रदीप पांडे के साथ सिंचाई विभाग से जुड़े तमाम अधिकारीगण मौजूद रहे। विधायक ऋषि त्रिपाठी ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया और जल्द से जल्द किसानों को इसका लाभ मिलने की बात कही।